Uncategorized
चारो धामों में पांच लाख श्रद्धालुओं ने किये दर्शन, क्षमता से अधिक पहुंच रहे भक्त
रोजाना दस हजार वाहन यात्रा मार्ग पर कर रहे हैं आवागमन

देहरादून। पुलिस मुख्यालय ने चारधाम यात्रा बुलेटिन जारी करते हुए बताया कि यात्रा मार्ग पर प्रतिदिन लगभग 10,000 वाहन यात्रा मार्ग पर आवागमन कर रहे है। श्री यमुनोत्री धाम यात्रा मार्ग पर जाने वाले यातायात के लिये कोई बाईपास रूट नहीं है। यातायात का अधिक दबाब होने पर यात्रा मार्ग के मुख्य-मुख्य पडावों (डामटा-बडकोट-स्यानाचट्टी-दोबाटा-पालीगाड-ब्रह्मखाल) पर वाहनो को रोका जा रहा है एवं एक निश्चित अंतराल पर छोडा जा रहा है । पीए सिस्टम के माध्यम से भी श्रृद्धालुओं की सुविधा हेतु मार्ग की स्थिति के बारे में अवगत कराया जा रहा है।
श्री गंगोत्री धाम यात्रा मार्ग पर यातायात का अधिक दबाव होने के कारण वाहनो को रोक-रोक कर निश्चित अंतराल पर छोडा जा रहा है । गंगोत्री दर्शन के उपरान्त यातायात को तेखला पुल डायवर्ट किया गया है, जिससे कि श्री केदार जाने वाला यातायात लम्बगांव मोटर मार्ग से एवं ऋषिकेश जाने वाला यातायात बडेथी-मनेरा बाईपास से होकर जा रहा है ।
जनपद रूद्रप्रयाग क्षेत्रान्तर्गत कस्बा सोनप्रयाग, रामपुर, सीतापुर एवं फाटा में यात्री वाहनों का अत्यधिक दवाब होने के फलस्वरुप यात्री वाहनों को दगडिया बैरियर फाटा, सेरसी, काकड़ागाड, तिलवाड़ा एवं जवाड़ी बाई पास में कुछ समय के लिये रोका जा रहा है। यातायात सामान्य होने पर वाहनों को रुटीनवार सोनप्रयाग एवं रुद्रप्रयाग की ओर भेजा जा रहा है।
वीकेंड के अवसर पर यातायात बाधित न हो इसके लिये अलग से यातायात प्लान ऋषिकेश क्षेत्र में लागू किया गया है। 04 डायर्वजन मार्ग के माध्यम से वाहनों को डायर्वट किया जा रहा है। चारधाम यात्रा मार्ग नेपाली फार्म से भानियावाला होते हुये नटराज चौक की तरफ डायवर्ट किया गया है ।
वीकेंड एवं प्रचलित चारधाम यात्रा के कारण देहरादून- मसूरी में यातायात का अधिक दबाव होने के कारण यदि मसूरी में अधिक दबाव होता है तो वाहनों को कुठालगेट से वापस भेजा जायेगा ।
इन चारों धामों के यात्रा मार्ग में मौसम सामान्य है।