उत्तराखंडनिकाय चुनाव 2025
7 निकायों में महापौर के 32 प्रत्यासी…देहरादून में कहीं सीधी टक्कर तो कहीं त्रिकोणीय मुकाबला
राजधानी देहरादून में महापौर पद के लिए कई निकायो में प्रदेश के दो बड़े राजनीतिक दलों भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है जबकि देहरादून सहित विकासनगर,हरबर्टपुर,मसूरी,डोईवाला और सेलाकुई के निकायों में प्रत्यासियों की सीधी कड़ी टक्कर देखने को मिल रही हैं, वहीं ऋषिकेश में निर्दलिय प्रत्याशी के चुनावी रण में उतरने से निकाय चुनाव को त्रिकोणिय रुप देते हुए चुनावी समीकरणों को दिलचस्प बना दिया है। मसूरी डोईवाला और विकासनगर में भी भाजपा-कांग्रेस के बीच ही कड़ा मुकाबला है।
प्रदेश में निकाय चुनावों के प्रचार का शोर अब थम चुका है, निकाय चुनाव में अब 24 घंटो से भी कम का समय शेष रह गया है जिसे लेकर सभी पार्टियों के साथ-साथ प्रत्याशियों की नजर अब मतदान पर टिकी है। वहीं राजधानी देहरादून के सात निकायों में भी चुनावी बिसात बिछ चुकी है। देहरादून के सात निकायों में महापौर, अध्यक्ष पद के लिए कुल 32 प्रत्याशी अपना भाग्य आजमा रहे हैं। इस बार के निकाय चुनाव में कहीं भाजपा और कांग्रेस की आमने-सामने की टक्कर है तो कहीं निर्दलीय प्रत्याशियों ने चुनावी पासों में उलट-पलट कर दिया है। देहरादून के दो निकाय एसे हैं जहां अध्यक्ष पद पर कांग्रेस का एक भी प्रत्याशी नहीं हैं यहां भाजपा की टक्कर अन्य राजनीतिक दलों के साथ-साथ निर्दलियों से भी है, यहां आम आदमी पार्टी, उत्तराखंड क्रांति दल समेत निर्दलीय प्रत्याशी भी अपना जोर लगा रहे हैं। इसके अलावा डोईवाला और विकासनगर में भी भाजपा-कांग्रेस के बीच ही मुकाबला है। जबकि, जिले के दूसरे नगर निगम ऋषिकेश में त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है।
सबसे बड़ा नगर निगम, किसका सिक्का रहेगा बुलंद
प्रदेश का सबसे बड़ा निगम देहरादून नगर निगम है जिस पर पकड़ बनाने के लिए भाजपा और कांग्रेस ने प्रचार के माध्यम से अपनी पूरी ताकत झोंक दी है, यूं तो इस 100 वार्ड के नगर निगम में महापौर पद के लिए 10 प्रत्याशियों ने चुनावी रण में कदम रखा है लेकिन देहरादून नगर निगम के लिए भाजपा के महापौर प्रत्याशी सौरभ थपलियाल और कांग्रेस प्रत्याशी विरेंद्र पोखरियाल को ही दिग्गज दावेदार माना जा रहा है। यह चुनाव केवल पक्ष-विपक्ष के दांव-पेंच से ही नहीं बल्कि आम आदमी पार्टी, उत्तराखंड क्रांति दल समेत निर्दलीय प्रत्याशियों की महापौर पद के लिए जोर आजमाइस से भी रोमांचक होने वाला है। इसके अलावा पार्षद पद के लिए भी 385 महारथी प्रत्याशियों ने चुनावी रण में प्रवेश किया है, लिहाजा अब देखना यह है कि प्रदेश के सबसे बड़े नगर निगम देहरादून में किसका सिक्का बुलंद रहने वाला है।
