उत्तराखंडराष्ट्रीय खेल 2025सामाजिक
एक साथ उठानी पड़ रही वजन और परेशानियां…किट विहिन हैं भारोत्तोलन के कई खिलाड़ी
38वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड में उपस्थित सभी खेल संघों के अध्यक्ष और सचिव विभिन्न परेशानियों से गुजर रहे हैं, जिसे लेकर उत्तराखंड ओलंपिक संघ के अध्यक्ष महेश सिंह नेगी ने बृहस्पतिवार को सीईओ को पत्र लिखा और कहा कि उत्तराखंड के समस्त खेल संघों के अध्यक्ष और सचिवों को जल्द आवासीय सुविधाएं प्रदान की जाएं।
उत्तराखंड में 38वें राष्ट्रीय खेलों का आगाज हो चुका है, लगभग 18 दिनों तक चलने वाले इन खेलों का शुभारंभ 28 जनवरी को PM मोदी द्वारा हो चुका है, लेकिन कुछ चीजें हैं जिनका निवारण और क्रियान्वय अभी तक नहीं हो पाया है। राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड की ओर से 1,012 खिलाड़ी अपनें जज्बे और आत्मविश्वास के साथ मैदान में उतरे हैं लेकिन सभी खेलों के संघ अध्यक्ष और संघ सचिवों का कहना है कि वे राष्ट्रीय खेलों के आयोजन में विभिन्न परेशानियों से गुजर रहे हैं। उत्तराखंड भारोत्तोलन के अधिकतर खिलाड़ी और कोच वजन के साथ-साथ परेशानियों का भार उठाए भी घूम रहे हैं लिहाजा कहीं न कहीं इसका असर खिलाड़ियों के प्रदर्शन में पड़ना स्वाभाविक है। वहीं स्टेट वेट लिफ्टिंग एसोसिएशन का खेल विभाग के ऊपर आरोप है कि खेल विभाग से समन्वय की कमी के चलते खिलाड़ियों को प्रशिक्षण व पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिल सकी हैं। जबकि खेल शुरु भी हो चुके हैं लेकिन अभी तक खिलाड़ियों को किट नहीं मिली है, यहां तक कि खुद एसोसिएशन के पदाधिकारी और कोच विषम परिस्थितियों के बीच देहरादून में ठहरे हैं। आलम तो यह है कि एसोसिएशन के महासचिव राजीव चौधरी खुद चार हजार रुपये किराए का कमरा लेकर खिलाड़ियों की तैयारी में जुटे हैं, उनके लिए खेल विभाग द्वारा ठहरने के लिए कोई भी इंतजाम नहीं किया गया है।
