
विधानसभा चुनाव को लेकर टिकटों का बंटवारा करते हुए उत्तराखंड में सत्तारूढ़ बीजेपी ने अपने जिन कई सिटिंग विधायकों को उम्मीदवार बनाने से परहेज़ किया, उनमें झबरेड़ा विधायक देशराज कर्णवाल का नाम भी शामिल रहा. अपना टिकट कटने का झटका सह नहीं सके कर्णवाल का दर्द मीडिया के सामने छलक उठा और वह कैमरे के आगे रो पड़े. उन्होंने भाजपा के दो बड़े नेताओं पर गंभीर आरोप भी लगाए और कहा कि पार्टी ने गलत लोगों को टिकट देने का फैसला किया, जिससे उन्हें तकलीफ ज़्यादा है. हालांकि पार्टी छोड़ने जैसी कोई बात कर्णवाल ने नहीं कही।
बीजेपी ने झबरेड़ा सीट पर उम्मीदवार का ऐलान रोक रखा था. गुरुवार को जब इस सीट पर स्थिति स्पष्ट हुई तो टिकट न मिलने से नाराज़ विधायक देशराज कर्णवाल मीडिया के सामने रो पड़े और कहा कि ‘मैंने पार्टी को अपनी मां माना, लेकिन कुछ लोगों ने मेरे साथ धोखा किया.’ झबरेड़ा विधानसभा से बीजेपी ने राजपाल सिंह को प्रत्याशी घोषित किया, जिन्होंने कांग्रेस छोड़कर एक दिन पहले ही भाजपा का दामन थामा. कर्णवाल ने राजपाल को प्रत्याशी बनाए जाने के फैसले को गलत करार देकर कहा कि दलबदल करने वाले को पार्टी ने टिकट दिया, इसका दुख ज़्यादा है.