HNN Shorts

Lakhimpur Kheri में भीषण सड़क हादसा, मैजिक-ट्रक की टक्कर में 8 मजदूरों की मौत

Lakhimpur Kheri:  उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में सोमवार सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ईसानगर क्षेत्र में ऊंच गांव और भरेहटा के बीच नेशनल हाईवे-730 (लखीमपुर-बहराइच मार्ग) पर एक मैजिक वाहन और ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण दुर्घटना में 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 4 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में सात पुरुष और एक महिला शामिल बताई जा रही हैं।

पुलिस के मुताबिक, मैजिक वाहन में कुल 12 लोग सवार थे। ये सभी मजदूर थे, जो लखीमपुर में मजदूरी का काम खत्म कर अपने गांव नानपारा (बहराइच) लौट रहे थे। सुबह करीब 8 बजे जैसे ही वाहन ईसानगर क्षेत्र में पहुंचा, तभी बहराइच की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मैजिक वाहन के परखच्चे उड़ गए।

हादसे के बाद मची चीख-पुकार

दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर सीओ धौरहरा, खमरिया और ईसानगर थाने की पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई।

स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों और शवों को वाहन से बाहर निकाला गया। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) खमरिया भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने 8 लोगों को मृत घोषित कर दिया। बाकी 4 घायलों का इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जताया दुख

घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख व्यक्त किया हैं। उन्होंने अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचने और राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जिलाधिकारी को राहत और बचाव कार्य की निगरानी करने के आदेश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता देने के निर्देश भी प्रशासन को दिए हैं। अधिकारियों को राहत कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की हिदायत दी गई है।

हादसे के कारणों की जांच जारी

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और गलत दिशा में ओवरटेकिंग को माना जा रहा है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

Read more:- Rajdhani Express के 2 डिब्बों में लगी भीषण आग, दिल्ली-मुंबई रूट ठप

Related Articles

Back to top button