HNN Shorts

Hamirpur Yamuna Boat Accident: यमुना में नाव पलटने से 3 की मौत, 3 बच्चे अभी भी लापता

Hamirpur Yamuna Boat Accident: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में कुरारा थाना क्षेत्र के कुतुबपुर गांव के पास यमुना नदी में बुधवार शाम एक भीषण नाव हादसा हो गया। नाव पलटने से एक ही परिवार के कई लोग नदी में डूब गए। अब तक तीन शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि तीन बच्चों की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

तरबूज खाने गए थे रिश्तेदार

शुरुआती जानकारी के अनुसार, कुतुबपुर गांव के रहने वाले श्रीपाल (देशराज) की बेटी की मंगलवार को शादी थी। बुधवार शाम को घर आए मेहमान और बच्चे नाव से यमुना नदी के दूसरी तरफ टापू पर तरबूज और खरबूजे खाने गए थे। शाम करीब 6 बजे जब सभी वापस लौट रहे थे, तभी नदी के बीच में नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई।

रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

बताया जा रहा है कि हादसे के दौरान नाव में नाविक समेत कुल 10 लोग सवार थे। नाविक धीरू ने बहादुरी दिखाते हुए तीन लोगों (विष्णु, रिंकू और पारुल) को बचा लिया, लेकिन 6 लोग तेज धारा में बह गए। गुरुवार सुबह तक प्रशासन ने तीन शवों को नदी से निकाल लिया है। मृतकों में ब्रजरानी (25), आकांक्षा (9) और रानी (9) शामिल हैं। अभी तक लभ्यांश (5), गोरेलाल (6) और आदित्य (11) का पता नहीं चल पाया है।

बारिश के कारण बचाव कार्य में बाधा

घटना के बाद से ही इलाके में अफरा-तफरी मची हुई है। NDRF की चार टीमें, SDRF की दो टीमें और फ्लड PAC के करीब 100 जवान मौके पर रेस्क्यू में जुटे हैं। हालांकि, तेज बारिश और आंधी की वजह से बुधवार रात को सर्च ऑपरेशन रोकना पड़ा था, जिसे गुरुवार सुबह दोबारा शुरू किया गया।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

हादसे वाली जगह पर सदर विधायक मनोज प्रजापति और कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद हैं। नदी किनारे बैठे परिजनों की चीख-पुकार सुनकर हर किसी की आंखें नम हैं। प्रशासन का कहना है कि गोताखोरों की मदद से लापता बच्चों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है और जल्द ही उन्हें ढूंढ लिया जाएगा।

Read more:- Operation Sindoor के वर्षगांठ पर पीएम मोदी ने ने ‘एक्स’ पर चेंज की डीपी

Related Articles

Back to top button