HNN Shorts

Ghaziabad News: गाजियाबाद में दिनदहाड़े बड़ी लूट, गन प्वाइंट पर कैश वैन ले उड़े बदमाश

Ghaziabad News: दिल्ली से सटे गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र में बुधवार दोपहर बड़ी लूट की वारदात को को अंजाम दिया। ‘इंडिया वन’ कंपनी की एक कैश वैन को गन प्वाइंट पर लेकर बदमाश फरार हो गए। शुरुआती जानकरी के अनुसार, वैन में करीब 23 से 25 लाख रुपये की नकदमौजूद थे ।

कैसे हुई वारदात?

बुधवार दोपहर करीब एक बजे कैश वैन एचपी पेट्रोल पंप के पास एक एटीएम में पैसे भरने पहुँची थी। जब सुरक्षाकर्मी और अन्य स्टाफ कैश लेकर एटीएम के अंदर गए, तभी पैदल आए चार बदमाशों ने चालक को हथियारों के बल पर बंधक बना लिया और वैन लेकर रफूचक्कर हो गए। बताया जा रहा है कि इस दौरान सुरक्षाकर्मियों और बदमाशों के बीच फायरिंग भी हुई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।

8 किमी दूर मिली खाली वैन

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने पूरे शहर में नाकेबंदी कर दी। वारदात के कुछ देर बाद पुलिस ने घटनास्थल से करीब 8 किलोमीटर दूर मसूरी थाना क्षेत्र के दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे (DME) पर लावारिस हालत में वैन बरामद कर ली। बदमाश वैन से कैश निकालकर फरार हो चुके थे। जाँच में पता चला है कि लूट में इस्तेमाल की गई एक अन्य गाड़ी पर दिल्ली की नंबर प्लेट लगी थी।

कर्मचारियों पर भी गहराया शक

पुलिस इस मामले में कंपनी के तीन कर्मचारियों और ड्राइवर से पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कर्मचारियों के बयानों में बदलाव देखने को मिल रहा है, जिसके चलते वे भी शक के दायरे में हैं। क्राइम ब्रांच की फॉरेंसिक टीम ने वैन को अपने कब्जे में लेकर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं।

पुलिस की कार्रवाई

डीसीपी धवल जायसवाल ने बताया कि बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की 8 टीमें गठित की गई हैं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और दिल्ली नंबर की उस गाड़ी की भी तलाश की जा रही है जिससे बदमाश आए थे। कंपनी से वित्तीय रिकॉर्ड मांगे गए हैं ताकि लूटी गई सटीक रकम की पुष्टि की जा सके। पुलिस का दावा है कि जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। फिलहाल पूरे इलाके में कांबिंग ऑपरेशन जारी है।

Read more:- Ahmedabad Cyber Crime: इंस्टाग्राम पर ज्योतिषी बनकर महिलाओं से 42 लाख रुपये तक की ठगी, एक आरोपी गिरफ्तार

Related Articles

Back to top button