HNN Shorts

Dewas Blast: पटाखा फैक्टरी में भीषण विस्फोट,2 की मौत, 15 घायल

Dewas Blast: : मध्य प्रदेश के देवास जिले में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ एबी रोड स्थित टोंककला में संचालित एक पटाखा फैक्ट्री में जोरदार विस्फोट होने से दो मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई। धमाका इतना भीषण था कि फैक्ट्री की इमारत ताश के पत्तों की तरह ढह गई और आसपास के मकानों की दीवारें तक दरक गईं।

मलबे में तब्दील हुई फैक्ट्री

घटना के समय फैक्ट्री में कई मजदूर काम कर रहे थे। अचानक हुए धमाके के बाद पूरे इलाके में धुएं का गुबार छा गया। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की करीब 10 गाड़ियाँ मौके पर पहुंचीं। प्रशासन ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को मलबे से निकालकर जिला अस्पताल पहुँचाया। डॉक्टरों ने 6 गंभीर रूप से झुलसे मजदूरों को बेहतर इलाज के लिए इंदौर के एमवाय (MY) अस्पताल रेफर किया है।

प्रशासनिक अधिकारियों ने लिया जायजा

हादसे की गंभीरता को देखते हुए उज्जैन आईजी राकेश गुप्ता, कमिश्नर आशीष सिंह और देवास कलेक्टर ऋतु राज तुरंत मौके पर पहुंचे। कलेक्टर ने दो मौतों की पुष्टि करते हुए कहा कि विस्फोट के असली कारणों का पता लगाने के लिए जांच टीम गठित कर दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही पाए जाने पर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी।

सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप

स्थानीय ग्रामीणों में प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि फैक्ट्री में नियमों को ताक पर रखकर भारी मात्रा में खुला बारूद जमा किया गया था। सुरक्षा मानकों की लगातार अनदेखी की जा रही थी। पूर्व में की गई शिकायतों पर जिम्मेदार विभागों ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया।

मौके के हालात

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि धमाका इतना तेज था कि शरीर के चिथड़े सड़क तक जा गिरे। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है और रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद पुलिस ने इलाके को सील कर दिया है। प्रशासन अब फैक्ट्री के लाइसेंस और वहां मौजूद विस्फोटक की मात्रा की जांच कर रहा है।

Read more:- Bareilly video: बरेली में आंधी का कहर, टीनशेड के साथ हवा में उड़ा युवक,वीडियो वायरल

Related Articles

Back to top button