HNN Shorts

बाहर SBI ATM, अंदर नाई की दुकान! पटना का अनोखा वीडियो वायरल

SBI ATM: पटना के दानापुर इलाके का एक अनोखा वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में बाहर से पूरा सेटअप किसी बैंक ATM जैसा दिखाई देता है, लेकिन अंदर का नजारा देखकर लोग हैरान रह जाते हैं। यहां पैसे निकालने की मशीन नहीं, बल्कि हेयर कटिंग सैलून चल रही है। यही वजह है कि यह ‘ATM सैलून’ अब चर्चा का विषय बना हुआ है।

बाहर ATM का बोर्ड, अंदर कैंची-कंघी

दानापुर के इस केबिन के बाहर SBI का बड़ा बोर्ड, कांच का दरवाजा और ATM जैसी पूरी डिजाइन मौजूद है। पहली नजर में हर किसी को लगता है कि यहां कैश निकाला जाता होगा। लेकिन जैसे ही लोग अंदर जाते हैं, वहां सैलून की कुर्सियां, आईने और बाल काटते नाई दिखाई देते हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, कई लोग आज भी गलती से यहां पैसे निकालने पहुंच जाते हैं। हालांकि, अंदर का नजारा देखकर वे खुद भी हंसने लगते हैं। इलाके में लोग इसे मजाक में ‘हेयर कटिंग ATM’ और ‘बाल निकासी मशीन’ कह रहे हैं।

पहले सच में था SBI का ATM

जानकारी के मुताबिक, इस जगह पर पहले स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का ATM सेंटर हुआ करता था। बाद में बैंक ने तकनीकी और सुरक्षा कारणों से मशीन हटा ली। हालांकि, बोर्ड और केबिन का पूरा सेटअप जस का तस छोड़ दिया गया।

इसके बाद मकान मालिक ने इस जगह को किराए पर दे दिया, जहां अब रामू नाई अपनी सैलून चला रहे हैं। उन्होंने बोर्ड हटाने के बजाय उसी सेटअप में दुकान शुरू कर दी।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ VIDEO

इस अनोखे ATM सैलून का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। लोग इसे बिहार का ‘जुगाड़ मॉडल’ बता रहे हैं। कुछ यूजर्स इसे शानदार बिजनेस आइडिया कह रहे हैं, तो कुछ इसे देखकर हैरानी जता रहे हैं। अब यह सैलून सिर्फ बाल कटवाने की जगह नहीं, बल्कि दानापुर की नई पहचान बन चुकी है।

Read more:- दिल्ली में MLFF Toll System सिस्टम लॉन्च, बिना रुके होगा टैक्स भुगतान

Related Articles

Back to top button